Himachal Crime News : घायल अवस्था में मिले जल शक्ति विभाग के जेई की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; पुलिस हर पहलू से कर रही घटना की जांच
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 26 जुलाई 2026 : कुल्लू जिला मुख्यालय में जल शक्ति विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) लाभ सिंह गुलेरिया की उपचार के दौरान बिलासपुर स्थित एम्स में मौत हो गई। वह शनिवार सुबह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर किया गया था। रविवार सुबह करीब छह बजे उन्होंने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे कनिष्ठ अभियंता सड़क किनारे एक खोखे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले थे। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए अज्ञात लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, मृतक के भतीजे वीर सिंह गुलेरिया ने बताया कि उनके चाचा के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें थीं तथा उन्हें एम्स के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मदन लाल कौशल ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। मामले की वास्तविक वजह और घटना के जिम्मेदार लोगों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →