Himachal Accident Breaking : कुल्लू के आनी में बड़ा हादसा: पहाड़ी से गिरे विशाल पत्थरों की चपेट में आई गाड़ी; दो की मौत, एक गंभीर घायल
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू, 31 जुलाई 2026 : कुल्लू जिले की आनी तहसील के राणाबाग–देऊरी मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी-भरकम बोल्डर गिरने से एक वाहन उसकी चपेट में आ गया।
हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा शुक्रवार सुबह लगभग 10:30 बजे हुआ। वाहन में कुल तीन लोग सवार थे। बोल्डर गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल को तत्काल राहत एवं बचाव दल की सहायता से निकालकर आनी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कुल्लू के निर्देश पर राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम कुल्लू, पुलिस थाना आनी, तहसीलदार आनी तथा बीएमओ आनी को दे दी गई है। संबंधित विभाग राहत एवं बचाव कार्य के साथ-साथ हादसे से जुड़ी अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे हैं।
प्रशासन ने लोगों से लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अत्यधिक सतर्कता बरतने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →