Himachal Pradesh: हिमाचल के इस जिले में STF का बड़ा एक्शन, 2 लाख से अधिक भांग के पौधे किए नष्ट, मामला दर्ज
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू/ मंडी : 07 अगस्त 2026 : विशेष कार्य बल (एस.टी. एफ.) कुल्लू ने मंडी जिले के थाची-पंजाई क्षेत्र में अवैध नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ की टीम ने करीब 2.5 बीघा निजी भूमि पर अवैध रूप से उगाए गए 2 लाख से अधिक भांग के पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
कायल के पेड़ों के बीच छिपाई गई थी फसल
जानकारी के अनुसार एसटीएफ कुल्लू को थाची-पंजाई क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा भांग की अवैध खेती किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जब टीम ने थाची क्षेत्र के बूंग नामक स्थान पर गहन तलाशी अभियान चलाया, तो कायल के पेड़ों के बीच छिपे 5-6 सीढ़ीनुमा खेतों में बड़े पैमाने पर भांग की फसल लहराती हुई पाई गई। पौधों की गिनती करने पर इनकी संख्या 2 लाख से अधिक पाई गई, जिन्हें टीम ने तुरंत प्रभाव से नष्ट कर दिया।
भूमि मालिक का पता लगाने में जुटी पुलिस
इस संबंध में पुलिस थाना औट में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। भांग की खेती जिस जमीन पर की गई थी, उसका असल मालिक कौन है, इसका खुलासा राजस्व विभाग द्वारा भूमि की निशानदेही पूरी होने के बाद होगा। इसके पश्चात आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब तक 10 लाख से अधिक पौधे नष्ट
एस.टी. एफ. के डीएसपी हेम राज वर्मा ने बताया कि विशेष कार्य बल द्वारा अवैध नशे के खिलाफ अभियान चलाया गया है। इसके तहत अब तक 10 लाख से अधिक पौधे नष्ट किए गए हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →