Himachal Eco Tourism: ईको टूरिज्म साइट्स लेने का आज मंगलवार को आखिरी मौका, कम बिडर आने पर विभाग ने 11 तक बढ़ाई थी आवेदन की तारीख
राज्य सरकार ने वन विभाग के तहत 49 साइट्स के आबंटन के लिए आरंभ किया है टेंडर प्रोसेस
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 11 अगस्त 2026 : प्रदेश में 49 ईको टूरिज्म साइट्स के आबंटन के लिए आवेदन करने का मंगलवार को आखिरी मौका है। वन विभाग ने पर्याप्त संख्या में बिडर नहीं आने के कारण टेंडर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। इसके तहत 11 अगस्त तक इच्छुक संचालक टेंडर प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं, जबकि पहले यह समय अवधि तीन अगस्त तक थी। ऐसे में मंगलवार को टेंडर प्रक्रिया में शामिल होने का अंतिम दिन है।
गौर हो कि वन विभाग ने प्रदेश के 15 वन मंडलों में चिन्हित 49 इको टूरिज्म साइट्स के विकास, संचालन और प्रबंधन के लिए जुलाई में टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी। पहले तीन अगस्त तक टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लेने की समय अवधि निर्धारित की थी, लेकिन उस दौरान अपेक्षा के मुताबिक बिडर नहीं आए और महज छह से सात आवेदन ही इसके लिए मिले थे। ऐसे में वन विभाग ने इच्छुक लोगों को आवेदन का एक और अवसर देने के लिए समय सीमा बढ़ाई है।
बढ़ाई गई समय सीमा के अनुसार 11 अगस्त तक बिड जमा होनी है। इसके बाद 13 और 14 अगस्त को सुबह तकनीकी बिड खोली जाएंगी। वित्तीय बिड 17 अगस्त को खोलने का दिन विभाग ने निर्धारित किया है। प्रदेश सरकार द्वारा चिन्हित 49 ईको टूरिज्म साइट्स का आबंटन ईको टूरिज्म नीति में नियमों में किए संशोधन के तहत किया जा रहा है। इसमें संचालकों को इन साइट्स के संचालन की जिम्मेदारी 15 वर्षों के लिए सौंपी जाएगी।
निर्धारित शर्तों के तहत इस अवधि को आगे पांच साल के लिए बढ़ाने का भी प्रावधान रखा गया है। चिन्हित 49 ईको टूरिज्म साइट्स प्रदेश के धर्मशाला, शिमला, रामपुर, बिलासपुर, मंडी, नाहन, चंबा, सोलन और वन्यजीव धर्मशाला वन सर्किल शामिल हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →