International Kullu Dussehra: कुल्लू दशहरा में 1265 जवान संभालेंगे सुरक्षा, 155 CCTV कैमरों से होगी निगरानी
उत्सव के लिए पुलिस ने तैयार किया सुरक्षा प्लान, 18 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था; 11 मार्गों पर नो-पार्किंग जोन लागू
शशिभूषण पुरोहित
कुल्लू : 19 अक्टूबर 2026 : अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर जिला कुल्लू पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। उत्सव में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुल 1125 पुलिस कर्मियों और 140 हिमाचल होम गार्ड जवानों की तैनाती की गई है। पूरे दशहरा क्षेत्र में निगरानी के लिए 155 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दशहरा क्षेत्र को छह सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की निगरानी के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। प्रमुख आयोजन स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
छह सेक्टरों में बंटी सुरक्षा व्यवस्था
दशहरा उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र को छह सेक्टरों में बांटा गया है। प्रमुख स्थलों पर पुलिस की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध वस्तुओं की जांच के लिए बजौरा पुल तथा हाथीथान में चेक पोस्ट स्थापित की गई हैं। पुलिस का उद्देश्य उत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
यातायात प्रबंधन के लिए 430 जवान तैनात
उत्सव के दौरान वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए 430 पुलिस एवं हिमाचल होम गार्ड जवानों को यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला प्रशासन ने कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों में 18 पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं। इनमें सबसे बड़ी पार्किंग खोरी रोपा में निचले ढालपुर बस स्टैंड के सामने बनाई गई है, जहां 900 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता निर्धारित की गई है।
ये हैं 18 निर्धारित पार्किंग स्थल
1. वन विभाग मैदान, ओएलएस के निकट: 30 वाहन
2. मोनाल कैफे के निकट नगर परिषद पार्किंग: 75 वाहन
3. कैटल ग्राउंड: 50 वाहन
4. होटल सरवरी के सामने, ऑफिसर कॉलोनी: 100 वाहन
5. खोरी रोपा, निचले ढालपुर बस स्टैंड के सामने: 900 वाहन
6. कैलाश थिएटर, सरवरी: 80 वाहन
7. अखाड़ा बाजार, टापू पुल के निकट: 100 वाहन
8. विपाशा मार्केट, ब्यासा मोड़: 40 वाहन
9. सब्जी मंडी, अखाड़ा बाजार: 100 वाहन
10. सरवरी बैक साइड मार्केट: 30 वाहन
11. डीएवी स्कूल मैदान, मौहल: 50 वाहन
12. कैम्ब्रिज स्कूल के सामने, मौहल: 30 वाहन
13. गांधी नगर पेट्रोल पंप, एक्सिस बैंक के निकट: 25 वाहन
14. पुराना बस अड्डा, अखाड़ा बाजार: 30 वाहन
15. मिनी सचिवालय: 70 वाहन
16. कुल्लू वैली शॉल शोरूम के निकट, बाईं ओर: 200 वाहन
17. शनि मंदिर के निकट, बाईं ओर: 50 वाहन
18. शांगरी बाग, रामशिला पुल के निकट: 40 वाहन
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। अनधिकृत स्थानों पर पार्किंग करने से यातायात बाधित हो सकता है और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
11 मार्गों पर नो-पार्किंग व्यवस्था
दशहरा उत्सव के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने और भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा के संचालन में किसी तरह की बाधा रोकने के लिए 11 मार्गों और क्षेत्रों में नो-पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी।
इनमें गैमन पुल से ढालपुर चौक, ढालपुर चौक से कॉलेज चौक, कॉलेज चौक से टिकरा बावड़ी तथा भूतनाथ पुल से बस स्टैंड होते हुए खोरी रोपा पार्किंग तक का मार्ग शामिल है।
इसके अलावा कैटल ग्राउंड के आसपास और कॉलेज चौक से क्षेत्रीय अस्पताल होते हुए ढालपुर चौक तक सर्कुलर रोड पर भी नो-पार्किंग व्यवस्था रहेगी।
कॉलेज चौक से कला केंद्र के पीछे, बीडीओ कार्यालय और रथ मैदान होते हुए भुट्टी चौक तक के मार्ग पर भी वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी। बीडीओ कार्यालय से सर्किट हाउस तथा डीसी कार्यालय से एचपीएसईबी कार्यालय होते हुए क्षेत्रीय अस्पताल तक भी नो-पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी।
भुट्टी चौक से लग वैली चौक, शिशामाटी होते हुए सरवरी पुल तक बाईपास मार्ग सहित नो-पार्किंग व्यवस्था रहेगी। इसके अतिरिक्त सरवरी फ्लाईओवर से निचले ढालपुर पुल तक, एकांत आश्रम सहित, भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा के मार्ग पर भी वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
सात स्थानों पर बैरिकेडिंग, मोटरसाइकिलों से होगी गश्त
यातायात नियंत्रण के लिए सात स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। दशहरा क्षेत्र को मोबाइल पेट्रोलिंग के लिए तीन बीटों में विभाजित किया गया है। इसके तहत मोटरसाइकिलों पर तैनात पुलिस की 10 टीमें लगातार गश्त करेंगी और यातायात तथा सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी।
भारी वाहनों की आवाजाही निर्धारित व्यवस्था के अनुसार फोरलेन मुख्य मार्ग से करवाई जाएगी। वहीं, दशहरा स्थल पर सामान उतारने और चढ़ाने का समय रात 12 बजे से सुबह सात बजे तक निर्धारित किया गया है। इससे उत्सव के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी।
पुलिस की श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील
जिला कुल्लू पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से निर्धारित यातायात मार्गों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने और नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने से बचने को कहा है।
भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा और अन्य प्रमुख आयोजनों के दौरान पुलिस की ओर से जारी यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील भी की गई है। लोगों से आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने में सहयोग देने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया गया है।
पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं को फैलाने से बचने की अपील की है।
जिला कुल्लू पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस ने उत्सव में शामिल होने वाले लोगों से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →