Literary Festival in Kullu : 23 नवम्बर को देवसदन में होगा साहित्यिक समारोह, प्रदेश के प्रबुद्धजन होंगे सम्मिलित
‘हिमालय के एक गांव से इत्तिफ़ाक़न’ और ‘आसमान गिर रहा है’ पुस्तकों को होगा लोकार्पण
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू, 15 नवम्बर 2026 : 23 नवम्बर, 2026 को देवसदन, कुल्लू में पुस्तक लोकार्पण और साहित्यिक समारोह आयोजित होगा। हिमतरु प्रकाशन समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यतः जी.सी. चम्बयाल द्वारा लिखित पुस्तक ‘हिमालय के एक गांव से इत्तिफाकन तथा किशन श्रीमान द्वारा लिखित पुस्तक ‘आसमान गिर रहा है’ का लोकार्पण किया जाएगा तथा इन महत्त्वपूर्ण पुस्तकों पर विस्तृत चर्चा होगी।
हिमतरु प्रकाशन के अध्यक्ष एवं संपादक रमेश पठानिया ने जानकारी दी कि 23 नवम्बर को जिन दो पुस्तकों का लोकार्पण होगा, वे दोनों महत्त्वपूर्ण पुस्तकें हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक किशन श्रीमान का कहानी संग्रह ‘आसमान गिर रहा है’ न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन, नई दिल्ली ने प्रकाशित की है, जिसमें लेखक ने स्पष्ट किया है कि कहानियों में छोटा-सा पक्षी हो, कोई पुराना पेड़, सूखी बाबड़ी, पहाड़ी रास्ता, कोई देवता या कोई भूली हुई लोककथा... सब अंततः मनुष्य तक पहुँचते हैं। यही इस संग्रह की विशेषता है कि यह बाहर के हिमालय को देखते-देखते भीतर के मनुष्य तक पहुँचता है। और शायद इसी अर्थ में ‘आसमान गिर रहा है’ केवल एक कहानी का शीर्षक नहीं रह जाता, बल्कि हमारे समय से पूछा गया एक प्रश्न बन जाता है... जब किसी मनुष्य का सम्मान घायल हो, कोई लोकस्मृति मिट रही हो या प्रकृति अपनी आवाज खो रही हो, तब क्या सचमुच आसमान गिर रहा होता है, या हम अपनी संवेदनशीलता की छत खो रहे होते हैं? शायद इन कहानियों को पढ़ते हुए पाठक को कुछ देर ठहरना होगा, चारों ओर देखना होगा और उस छोटे-से प्रश्न को फिर से सुनना होगा... आसमान सचमुच गिर रहा है, या केवल रुककर ऊपर देखना और पूछना है... सचमुच हुआ क्या है?
रमेश पठानिया ने बताया कि दूसरी पुस्तक कुल्लू के वरिष्ठजन और कई संस्थानों से जुड़े व्यक्तित्व जी.सी. चम्बयाल की पुस्तक ‘हिमालय के एक गांव से इत्तिफ़ाक़न’ हिमातरु प्रकाशन ने प्रकाशित की है, सिममें लेखक ने अपने जीवन की कुछ महत्त्वपूर्ण घटनाओं, अनुभवों और विचारों को आत्मीयता से प्रस्तुत किया है। इस दृष्टि से यह केवल एक व्यक्ति की जीवन-कथा नहीं, बल्कि कुल्लू के सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जीवन का भी महत्त्वपूर्ण दस्तावेज़ है। लेखक के जीवन के साथ-साथ उनके परिवेश, समाज और पूरे कुल्लू की अनेक स्मृतियां स्वतः ही पुस्तक का हिस्सा बन जाती हैं। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक शोधार्थी विद्याथिर्यों के लिए भी महत्त्वपूर्ण सिद्ध होगी।
पठानिया ने कहा कि 23 नवम्बर को होने वाला यह कार्यक्रम अनूठा होगा। इस कार्यक्रम में न ही कोई मुख्य-अतिथि होगा, न ही विशेष अतिथि। बिना किसी औपचारिकता के आयोजित होने वाले इस आयोजन में कुल्लू के समस्त साहित्य-प्रेमियों, संस्कृति-प्रेमियों, सामाजिक कार्यों से जुड़े लोगों को, पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को, रंगमंच से जुड़े लोगों को और शिक्षाविदों और विद्याथिर्याें को आमंत्रित किया गया है, ताकि एक सार्थक परिचर्चा हो सकें। उन्होंने समस्तजनों को इस विशेष कार्यक्रम में सम्मिलित होने की अपील की है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →