गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 5 क्विंटल फूलों से सजा मंदिर
जोशीमठः गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस साल 19 अप्रैल को कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। कपाट बंद होने से पहले मंदिर को 5 क्विंटल फूलों से सजाया गया। इसके बाद सेना के बैंड की धुन के साथ मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई।
मां गंगा की डोली करीब 25 किमी की यात्रा कर मुखबा पहुंचेगी। गंगोत्री धाम से करीब 8 किमी चलने के बाद डोली पहले पड़ाव भैरव मंदिर पहुंचेगी। यहां से करीब 16 किमी की यात्रा कर डोली मार्कण्डेय मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 11 नवंबर को डोली यहां से करीब 1 किमी की दूरी तय कर मुखबा मंदिर पहुंचेगी। अगले छह महीने तक मुखबा में ही मां गंगा की पूजा-अर्चना होगी और श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
धाम में सुबह तापमान -10°C दर्ज किया गया, जबकि दिन में पारा -2 से -3°C के आसपास रहा। सुबह गंगोत्री धाम में करीब 200 श्रद्धालु मौजूद थे, लेकिन कपाट बंद होने से पहले इनकी संख्या बढ़कर एक हजार से ज्यादा हो गई। मंदिर समिति के अनुसार, इस सीजन में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →