दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस क्रैश, मरीज और डॉक्टर समेत 7 की मौत
रांची/चतरा, 24 Feb 2026 : झारखंड के चतरा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एक निजी एयर एम्बुलेंस सोमवार शाम सिमरिया के घने जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 'रेडबर्ड एयरवेज' के इस चार्टर्ड विमान में सवार सभी सात लोगों की इस दर्दनाक हादसे में जान चली गई है।
उड़ान के 20 मिनट बाद टूटा संपर्क
जानकारी के मुताबिक, विमान ने शाम 7:11 बजे रांची एयरपोर्ट से टेक-ऑफ किया था, लेकिन महज 20 मिनट बाद ही इसका रडार से संपर्क टूट गया। सिमरिया के जंगलों में गिरते ही विमान के परखच्चे उड़ गए और उसमें भीषण आग लग गई। विमान में एक गंभीर रूप से झुलसे मरीज को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था।
हादसे में जान गंवाने वाले
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में पायलट कैप्टन विवेक विकास भगत, को-पायलट कैप्टन सबराजदीप सिंह, मरीज संजय कुमार, उनके दो रिश्तेदार (अर्चना देवी और धूरू कुमार), डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता और पैरामेडिकल स्टाफ सचिन कुमार मिश्रा की मौत हो गई।
बेहतर इलाज की उम्मीद में ली थी उड़ान
मृतक मरीज संजय कुमार लातेहार का रहने वाला था और 65% झुलसी हुई हालत में रांची के अस्पताल में भर्ती था। परिवार ने उसे बचाने की उम्मीद में दिल्ली के बड़े अस्पताल ले जाने के लिए एयर एम्बुलेंस का प्रबंध किया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →