पंजाब पुलिस का 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' आज से शुरू: 72 घंटे तक अपराधियों पर होगा चौतरफा वार
Babushahi Bureau
चंडीगढ़, 9 फरवरी 2026 : पंजाब में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पंजाब पुलिस ने आज (सोमवार) सुबह 8 बजे से 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' का आगाज कर दिया है। अगले 72 घंटों तक चलने वाले इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य वांटेड अपराधियों और गैंगस्टरों के नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करना है।
12 हजार जवान और सीनियर अधिकारियों की फील्ड में तैनाती
इस बड़े ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए राज्यभर में 12,000 पुलिस मुलाजिमों की 2,000 टीमें गठित की गई हैं। इस बार खास रणनीति के तहत सभी सीनियर पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग जिले अलॉट किए गए हैं, ताकि वे खुद फील्ड में रहकर ऑपरेशन की निगरानी कर सकें। डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के लिए पंजाब में कोई जगह नहीं है, हालांकि मुख्यधारा में लौटने की इच्छा रखने वाले युवाओं को सरेंडर का मौका दिया जाएगा।
अपराधियों और उनके मददगारों की सूची तैयार
पुलिस प्रशासन ने इस बार बेहद पुख्ता तैयारी की है। सभी जिलों में अपराधियों, उनके करीबियों, मददगारों और अपराध के 'हॉट स्पॉट' क्षेत्रों की विस्तृत सूची तैयार की गई है। डीजीपी के अनुसार, सोशल मीडिया पर अपराध को ग्लोरिफाई करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। पिछले ऑपरेशन के दौरान भ्रामक पोस्टों के जरिए बाधा डालने की कोशिश की गई थी, जिसे इस बार नाकाम करने के लिए साइबर सेल अलर्ट पर है।
ऑपरेशन प्रहार-1 की सफलता और वर्तमान चुनौतियां
बता दें कि 'ऑपरेशन प्रहार-1' के दौरान पुलिस ने 12,000 से अधिक लोगों पर कार्रवाई की थी, जिसमें 5,290 गिरफ्तारियां हुई थीं। मौजूदा समय में हाई कोर्ट द्वारा कानून व्यवस्था पर कड़े रुख और हालिया वारदातों के बाद विरोधी दलों के हमलों के बीच यह 'प्रहार 2.0' सरकार और पुलिस प्रशासन के लिए साख का सवाल बना हुआ है। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए यह अभियान निर्णायक माना जा रहा है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →