भीषण हादसा: तेज रफ्तार कार ने 7 लोगों को रौंदा, 4 की मौत
Babushahi Bureau
रायबरेली, 9 फरवरी 2026 : उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सुलतानपुर जनौली के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे सात लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में एक किशोरी सहित चार लोगों की जान चली गई है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
भंडारे से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, जगतपुर के कोडर निवासी कुछ युवतियां और महिलाएं चूली गांव में एक भंडारे में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम के बाद जब वे पैदल वापस लौट रही थीं, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में हिमांशी और शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आसमा और रश्मि ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
एंबुलेंस की बदहाली पर भड़का लोगों का गुस्सा
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर कड़ा रोष जताया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उसका दरवाजा अगले आधे घंटे तक नहीं खुल सका। इस लापरवाही को लेकर परिजनों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की, जिन्हें पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
रेलवे क्रॉसिंग और जाम ने बढ़ाई मुश्किलें
हादसे के बाद जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बताया जा रहा है कि लक्ष्मणपुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण एंबुलेंस और अन्य वाहन घंटों फंसे रहे। समय पर दूसरी एंबुलेंस न पहुँच पाने के कारण घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल ले जाना पड़ा। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →