पंचायत का अजीब फरमानः एक ही गांव में आपस में शादी बैन, लव मैरिज करने वालों को बाहर करेंगे
अजनाला, 09 फरवरी,2026ः अजनाला तहसील के धारीवाल में एक पंचायत ने लव मैरिज पर रोक लगा दी है। इसे लेकर पंचायत ने प्रस्ताव पारित किया। सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि अगर गांव के कोई लड़का-लड़की आपस में मैरिज करते हैं तो उन्हें गांव से बाहर कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही लड़का और लड़की के परिवार का सोशल बायकॉट किया जाएगा। शादी कराने वालों की पंचायती सरकारी सुविधाएं खत्म करेंगे। किसी डॉक्यूमेंट पर साइन नहीं होगा। कल को कोई दिक्कत आती है तो गांव का कोई भी व्यक्ति थाने या कोर्ट में गवाही नहीं देगा। लव मैरिज या अरेंज मैरिज किसी भी सूरत में लड़का-लड़की के परिवारों की कोई बात सुनी नहीं जाएगी।
पंचों ने बताया कि यह फैसला तब लिया गया, जब हाल ही में 5 से 6 शादियां ऐसी हो गईं, जिनमें गांव का ही लड़का और गांव की ही लड़की है। ऐसे मामले में एक ही गली में या कई बार आमने-सामने ही मायका-ससुराल हो जाता है। गांव वालों को समझ नहीं आता कि अब लड़की उनकी बेटी है या बहू है।
रिश्तों में ऐसी शादियों के कारण खटास भी आती है। कई मामलों में परिवारों में झगड़े बढ़ गए हैं। ऐसे में पंचायत ने गांव के अंदर किसी भी तरीके से शादी पर बैन लगा दिया है। पंचायत ने यह फैसला 7 फरवरी को लिया।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →