हरियाणा एसटीएफ से मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश रोमिल वोहरा ढेर, दो जवान घायल;
गुड़गांव में दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर चला गोलियों का खेल
बाबूशाही ब्यूरो
गुड़गांव, 24 जून — हरियाणा एसटीएफ ने मंगलवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात बदमाश रोमिल वोहरा को मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर हुई, जहां एसटीएफ और रोमिल के बीच भीषण गोलीबारी हुई। इस दौरान एसटीएफ के दो जवान भी घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रोमिल वोहरा पर यमुनानगर के तिहरे हत्याकांड और कुरुक्षेत्र के शांतनु मर्डर केस में संलिप्त होने के गंभीर आरोप थे। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
हरियाणा एसटीएफ की एक विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह ऑपरेशन चलाया। जैसे ही टीम ने रोमिल को घेरने की कोशिश की, उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ ने उसे ढेर कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रोमिल पर कई जिलों में हत्या, लूट और रंगदारी वसूली के मामले दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी या एनकाउंटर को एसटीएफ की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
फिलहाल पूरे घटनाक्रम की आंतरिक जांच की जा रही है और घायल जवानों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →