Himachal BJP : Jairam Thakur: सरकार बदलते ही बदले की भावना से दर्ज मामले रद्द होंगे, घुमारवीं पहुंचे जयराम ठाकुर का दावा
बाबूशाही ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर) : 21 सितंबर 2026 : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार राजनीतिक द्वेष से जितने भी मुकदमे दर्ज कर रही है, भाजपा की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में उनका रिव्यू होगा और बदले की भावना से दर्ज एफआईआर रद्द की जाएंगी। घुमारवीं में क्रमिक धरने एवं अनशन के समर्थन में पहुंचे जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू दबाव की राजनीति कर रहे हैं और विपक्ष को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को कानून-व्यवस्था और नशे के खिलाफ कार्रवाई में लगाया जाना चाहिए था, लेकिन उनके अनुसार पुलिस का इस्तेमाल भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज करने में किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की शिकायतों का मुद्दा उठाते हुए ठाकुर ने सवाल किया कि यदि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर एफआईआर दर्ज हो सकती हैं, तो भाजपा की शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पूर्व मंत्री बोले, शिकायतों पर कार्रवाई होनी चाहिए
पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने आरोप लगाया कि घुमारवीं में पुलिस कार्रवाई को लेकर भेदभाव की स्थिति है। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों पर निष्पक्ष और कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए। गर्ग ने कहा कि न्याय मिलने तक क्रमिक धरना एवं अनशन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को व्यापक किया जाएगा। इस दौरान सदर विधायक त्रिलोक जम्वाल, झंडूता विधायक जीतराम कटवाल, पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग सहित भाजपा के कई नेता मौजूद रहे। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →