Shrikhand Mahadev : रामपुर के फांचा कांडा से श्रीखंड महादेव तक बनेगा सुरक्षित ट्रैक, एक करोड़ आठ लाख रुपए का प्रस्ताव तैयार
रास्ते-शैड-शौचालय-सोलर लाइट्स-सुरक्षा बोर्ड पर खर्च होगी रकम
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 21 सितंबर 2026 : श्रीखंड महादेव यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए रामपुर के फांचा कांडा से प्रस्तावित फांचा-नंती-श्रीखंड महादेव ट्रैक के विकास की कवायद तेज हो गई है। वन विभाग और ग्रामीण विकास विभाग की ओर से ट्रैक के विकास और उन्नयन के लिए एक करोड़ आठ लाख तीन हजार रुपए का विस्तृत अनुमान तैयार किया गया है।
प्रस्ताव के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैक पर विभिन्न मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ट्रैक पर विश्राम के लिए शेड का निर्माण करने के साथ ही शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा ट्रैक के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर सौर ऊर्जा आधारित लाइट्स स्थापित की जाएंगी।
इससे यात्रियों को कम रोशनी वाले स्थानों पर भी सुविधा मिलेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग पर सुरक्षा संबंधी सूचना और दिशा-निर्देश वाले बोर्ड भी लगाए जाएंगे। श्रीखंड महादेव की यात्रा हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु करते हैं। यात्रा मार्ग का एक बड़ा हिस्सा दुर्गम और चुनौतीपूर्ण होने के कारण यात्रियों को कई स्थानों पर परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में फांचा कांडा से प्रस्तावित ट्रैक के विकास से यात्रा मार्ग को व्यवस्थित करने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं में भी इजाफा होने की उम्मीद है।
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि फांचा कांडा से श्रीखंड महादेव तक सुरक्षित ट्रैक बनेगा। उन्होंने कहा कि 1.08 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार किया गया है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →