Himachal Accident: सिस्सू में खाई में गिरी कार, दो की मौत; तीन घायल
मनाली-लेह हाईवे पर सैल्फी प्वाइंट के पास हादसा, गंभीर घायलों को कुल्लू रेफर किया गया
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू/सिस्सू : 21 सितंबर 2026 : लाहौल-स्पीति के सिस्सू में मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिस्सू सैल्फी प्वाइंट के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार कार नंबर एचपी-31सी-1662 गोंधला की ओर जा रही थी। सिस्सू सैल्फी प्वाइंट के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। कार में कुल पांच लोग सवार थे।
हादसे में सुरेश पुत्र तोता राम, निवासी बडियाल, तहसील भल, जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान मोहन सिंह, निखिल, बबलू और पवन कुमार के रूप में हुई। इनमें बबलू, मोहन सिंह और पवन कुमार की हालत गंभीर बताई गई। तीनों को बेहतर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। उपचार के दौरान बबलू ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या दो हो गई।
अन्य घायलों का उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुआ। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →