हिमाचल में पैर पसारने लगा स्वाइन फ्लू; आईजीएमसी में छह माह की बच्ची संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 08 सितंबर 2026 : हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू के लगातार मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। अब आईजीएमसी शिमला में छह माह की बच्ची की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बच्ची कुल्लू जिले की रहने वाली है और फिलहाल आईजीएमसी में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि बच्ची को तेज बुखार होने के बाद परिजन उपचार के लिए आईजीएमसी लेकर पहुंचे थे। लक्षणों को देखते हुए चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की जांच कराने की सलाह दी। सैंपल की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल में बच्ची का उपचार शुरू किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वायरल संक्रमण जैसे लक्षणों वाले मरीजों पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार रैंडम सैंपलिंग करने को कहा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा ने भी आईजीएमसी में छह माह की बच्ची के स्वाइन फ्लू पॉजिटिव होने की पुष्टि की है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषकर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का इस्तेमाल करने और फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई है।
बच्चों में इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
स्वाइन फ्लू में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और अत्यधिक थकान जैसे लक्षण सामने आ सकते हैं। बच्चों में सांस लेने में परेशानी, अत्यधिक सुस्ती, दूध या पानी कम पीना अथवा तेजी से बिगड़ती हालत गंभीर संकेत हो सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि फ्लू जैसे लक्षणों को हल्के में न लें और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेकर समय पर जांच करवाएं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →