HPPCL : एक महीने में 182.58 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन, HPPCL ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास
सावड़ा कुड्डू, सैंज और काशंग परियोजनाओं के बेहतर संचालन से मिली बड़ी सफलता
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 07 सितंबर 2026 : हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (एचपीपीसीएल) ने जलविद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। कॉरपोरेशन ने अगस्त माह में अब तक का सबसे अधिक मासिक बिजली उत्पादन दर्ज किया है। निगम ने एक महीने में 182.58 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन कर नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले अगस्त, 2024 में निगम ने 179.04 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया था।
इस तरह एचपीपीसीएल ने दो वर्ष पहले बने अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नई उपलब्धि अपने नाम कर ली है। यह उपलब्धि प्रदेश की तीन प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं के बेहतर प्रदर्शन से संभव हुई है, जिसमें 111 मेगावाट की सावड़ा कुड्डू, 100 मेगावाट की सैंज और 65 मेगावाट की काशंग परियोजना शामिल है।
मानसून के दौरान पर्याप्त जल उपलब्धता का लाभ उठाते हुए इन परियोजनाओं का संचालन पूरी क्षमता और बेहतर योजना के साथ किया गया। मशीनों के नियमित रखरखाव, तकनीकी निगरानी और संचालन में अपनाई गई दक्षता ने बिजली उत्पादन को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बिजली उत्पादन के साथ-साथ तीनों परियोजनाओं ने प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर (पीएएफ) के मामले में भी शानदार प्रदर्शन किया। इसमें सावड़ा कुड्डू जलविद्युत परियोजना का पीएएफ 109.31 प्रतिशत, सैंज परियोजना 104.50 प्रतिशत और काशंंग हाइड्रो प्रोजेक्ट का 110 प्रतिशत पीएएफ दर्ज किया गया। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →