Himachal: इंटर्नशिप कर रहा युवक निकला चिट्टा तस्करी का कथित मुख्य सूत्रधार, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बाबूशाही ब्यूरो
बिलासपुर : 03 अक्टूबर 2026 : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में स्वारघाट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चिट्टा तस्करी रैकेट के कथित मुख्य सूत्रधार को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में नशे की इस खेप का मुख्य सप्लायर पेशे से एक प्रशिक्षु डॉक्टर है।
आरोपी की पहचान भरत भूषण निवासी गांव कसेह, डाकघर औहर, तहसील झंडूता व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है जाेकि मंडी अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा 25 सितम्बर को हुई एक गिरफ्तारी के बाद हुआ। स्वारघाट पुलिस ने नियमित नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका था। चैकिंग के दौरान वाहन में सवार 2 लोगों अमनदीप निवासी हमीरपुर और कंचन जसवाल निवासी ऊना के कब्जे से 12.4 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया था।
प्रारंभिक गिरफ्तारियों के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की और उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगाली। इसी तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर इस सप्लाई चेन में प्रशिक्षु डॉक्टर की संलिप्तता सामने आई। पुलिस का दावा है कि पकड़ी गई 12.4 ग्राम चिट्टे की खेप की सप्लाई में इस प्रशिक्षु डॉक्टर की ही मुख्य भूमिका थी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →