Himachal: Cyber Fraud : कनाडा भेजने के नाम पर 25 लाख का चूना; महिला जवान को शातिरों ने लगाई चपत, महिला गिरफ्तार
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 24 फरवरी 2026 :
विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने के आरोप में शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने लंबे समय से फरार चल रही महिला आरोपी मंजू कुमारी को चंडीगढ़ के खरड़ स्थित शिवालिक सिटी के एक फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पर शिकायतकर्ता की बहन को कनाडा भेजने का झांसा देकर भारी रकम ऐंठने का आरोप है। पुलिस के अनुसार थाना बालूगंज, शिमला में दिनांक 21 नवंबर 2025 को बीएनएस की धारा 318 (4), 61 (2), 352(2) के तहत मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी बहन भावना को विदेश भेजने के नाम पर आरोपियों ने करीब 25 लाख रुपए की धोखाधड़ी की।
मामले के पंजीकरण के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन वे लगातार ठिकाने बदलते रहे। जांच में सामने आया कि आरोपी जानबूझकर मोबाइल सिम बदल रहे थे और व्हाट्सऐप कॉल के जरिए संपर्क में रहकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस टीमों ने पहले भी पंजाब और हरियाणा में संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। इसके बाद पुलिस ने गहन तकनीकी जांच शुरू की। इसी कड़ी में गत रविवार को एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने चंडीगढ़ के खरड़ स्थित शिवालिक सिटी में छापा मारकर मंजू कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसके खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों की पुष्टि हुई है। शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने इस धोखाधड़ी में एक महिला की चंडीगढ़ से गिरफ्तारी की पुष्टि की है। शिकायतकर्ता महिला गुजरात के गांधीनगर की मूल निवासी है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →