Himachal Breaking: कुल्लू में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक पुल से टकराकर नाले में गिरी; दो युवकों की मौत
बाबूशाही ब्यूरो
मनाली: 05 अगस्त 2026 ; कुल्लू जिले के पतलीकुहल थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा बीती रात थाना पतलीकुहल के समीप हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मोटरसाइकिल (HP34E-6538) पुल के पैरापिट के पास क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। पुलिस ने आसपास तलाशी ली तो पुल के नीचे नाले में दो युवक गिरे हुए मिले। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान कृपा राम (30) पुत्र जेठा राम, निवासी गांव कामो का वाड़ा, डाकघर एवं तहसील समदड़ी, जिला बालोतरा (राजस्थान) तथा विक्रम (24) पुत्र स्वर्गीय साब राम, निवासी गांव एवं डाकघर पंजकोसी, तहसील अबोहर, जिला फाजिल्का (पंजाब) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोटरसाइकिल चालक कृपा राम तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान बाइक पुल के पैरापिट से टकरा गई और दोनों युवक नीचे नाले में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस संबंध में थाना पतलीकुहल में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →