Himachal: यह कैसा अस्पताल, बच्चों को कान के आपरेशन की एक साल बाद डेट, अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ फूटा परिजनों का गुस्सा
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला : 05 अगस्त 2026 : चंबा जिले से कान का इलाज करवाने आए बीपीएल परिवार के दो बच्चों को टांडा मेडिकल कालेज के ईएनटी विभाग में मशीनरी के अभाव के कारण आपरेशन के लिए लगभग एक वर्ष बाद की तिथि दिए जाने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
परिजनों ने ईएनटी विभाग के बाहर विरोध-प्रदर्शन करते हुए विभागाध्यक्ष डा. मुनीश सरोच के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने विधायक आरएस बाली के खिलाफ भी रोष व्यक्त किया। उनका कहना था कि यदि टांडा मेडिकल कालेज को अपनी उपलब्धि बताया जाता है, तो यहां आधुनिक मशीनें, पर्याप्त स्टाफ और समय पर उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
परिजनों ने कहा कि दोनों बच्चे लंबे समय से गंभीर परेशानी से जूझ रहे हैं और दर्द की स्थिति में एक साल तक इंतजार करना संभव नहीं है। उनका आरोप था कि मशीनरी की कमी का खामियाजा गरीब मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने हिमकेयर योजना से जुड़ी समस्याओं और कथित रूप से सुविधाओं में आई कमी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने सरकार से मांग की कि टांडा मेडिकल कालेज में आवश्यक उपकरणों की तत्काल व्यवस्था की जाए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए महीनों या वर्षों तक इंतजार न करना पड़े। टांडा मेडीकल कालेज के ईएनटी विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मुनीश शरोच ने बताया कि विभाग में 83 लाख की एंडोस्कोपिक मशीन खराब पड़ी है, जिसकी वजह से आपरेशन नहीं किया जा सकता है 2007 के बाद से ईएनटी विभाग के लिए कोई मशीन नहीं दी गई है।आपरेशन हो जाना था, परंतु मशीन खराब पड़ी है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →