HPBOSE : 2027 से दिसंबर में होंगी वार्षिक परीक्षाएं, स्कूली शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए समीक्षा बैठक में विभाग ने लिए फैसले
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 05 अगस्त 2026 :
वर्ष 2027 से हिमाचल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत दसवीं और बारहवीं बोर्ड कक्षाओं को छोडक़र अन्य सभी कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं दिसंबर में आयोजित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
इसके अनुरूप जनवरी से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने की योजना तैयार की जाएगी। यह फैसला सोमवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में शिक्षा निदेशालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया। इस दौरान प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विकास कार्यों में तेजी लाने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्त्वपूर्ण फैसले लिए गए।
बैठक में स्कूलों के विकास कार्यों, परीक्षा परिणाम, रिक्त पदों, विभिन्न योजनाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब विकास कार्यों की हर महीने समीक्षा होगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि श्रीनिवास रामानुजन स्टूडेंट डिजिटल योजना के तहत प्रदेश के कुल 9,359 विद्यार्थी लाभार्थी हैं। इनमें से छह जिलों के 3,089 विद्यार्थियों के बैंक खातों में प्रति विद्यार्थी 16 हजार रुपए की डीबीटी राशि पहले ही भेजी जा चुकी है, जबकि शेष 6,270 विद्यार्थियों के खातों में यह राशि 15 अगस्त से पहले जमा कर दी जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 25 प्रतिशत से कम रहा है, वहां संबंधित जिला उपनिदेशक स्वयं जाकर निरीक्षण करें और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →