Kullu: Himachal Breaking: कसोल रेव पार्टी मामले में हाईकोर्ट के आदेश के बाद कुल्लू के डीसी और एसपी हटाए; ADM देखेंगे अतिरिक्त प्रभार, अभिषेक को SP की जिम्मेदारी
शशिभूषण पुरोहित
कुल्लू : 05 अगस्त 2026 : कसोल रेव पार्टी और कथित नशा तस्करी से जुड़े मामले में हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए कुल्लू के उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को उनके पदों से हटा दिया है। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के उस आदेश के बाद हुई, जिसमें अदालत ने पार्वती घाटी में अवैध रेव पार्टियों और नशीले पदार्थों के मामलों पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर टिप्पणी करते हुए संबंधित अधिकारियों के तबादले, विभागीय कार्रवाई, एफआईआर और एसआईटी जांच के निर्देश दिए थे।
हालांकि, इस मामले में बाद में सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल हाईकोर्ट के एफआईआर, एसआईटी जांच और विभागीय कार्रवाई संबंधी निर्देशों के अमल पर अंतरिम रोक लगा दी थी। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों को हटाने का निर्णय लिया गया है। मामले की अगली सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में होनी है।
जारी आदेश के मुताबिक कुल्लू डीसी रहे अनुराग चंद्र को तुरंत प्रभाव से पर्सनल डिपार्टमेंट में रिपोर्ट करने को कहा गया है। वहीं उनकी जगह एडीएम कुल्लू डीसी का अतिरिक्त प्रभार देखेंगे। इसी तरह एसपी कुल्लू रहे मदन लाल कौशल को पुलिस हेडक्वार्टर में रिपोर्ट करने को कहा गया है। उनकी जगह 2019 बैच के IPS अधिकारी अभिषेक एस को एसपी कुल्लू के पद पर तैनाती दी गई है।
कसोल और पार्वती घाटी में कथित अवैध रेव पार्टियों, ड्रग्स के बढ़ते नेटवर्क और प्रशासनिक लापरवाही के आरोपों को लेकर यह मामला लंबे समय से चर्चा में है। हाईकोर्ट ने इसे गंभीर मानते हुए सख्त रुख अपनाया था, जिसके बाद प्रदेश सरकार की ओर से यह अहम प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है।
देखें नोटिफिकेशन : https://drive.google.com/file/d/1jgcPTGwnDutVJNt45D_eDjTtt3tlitCy/view?usp=drivesdk
https://drive.google.com/file/d/1HinyaqArkzrF_NvR-40nfvnygzY9661V/view?usp=drivesdk
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →