Himachal Highways : औट-बंजार हाई-वे की दोबारा बनेगी DPR; पूर्व में तैयार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट रद्द, नए सिरे से तय होगी अलाइनमेंट
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 10 सितंबर 2026 : जलोड़ी सुरंग तक जाने वाला और-बंजार हाई-वे डबल लेन बनेगा। इसके लिए राज्य सरकार अब नए सिरे से डीपीआर को तैयार करेगी। इसके लिए विभाग ने कार्रवाई भी आरंभ कर दी है। विस्तृत प्रस्ताव तैयार होने के बाद इसे केंद्र की मंजूरी को भेजा जाएगा। बहरहाल पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्त्वपूर्ण माने जाने वाले इस मार्ग की आने वाले समय में दशा बदलने वाली है।
जानकारी के अनुसार कुल्लू जिला के औट से बंजार होते हुए जलोड़ी सुरंग तक जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-305 के उन्नयन की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। केंद्र सरकार ने इस सडक़ की पहले तैयार की गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को रद्द कर दिया है।
अब सड़क की अलाइनमेंट नए सिरे से तय करते हुए इसकी नई डीपीआर तैयार की जाएगी। दरअसल लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दिल्ली दौरे के दौरान इस सडक़ और जलोड़ी सुरंग से जुड़ी डीपीआर का मामला प्रमुखता के साथ केंद्रीय मंत्री के समक्ष उठाया था। इस दौरान इस सडक़ के लिए केंद्र की तरफ से 25 करोड़ रुपए से अधिक की सैद्वांतिक मंजूरी भी प्रदान कर दी। केंद्र की और से इस सडक़ को डबललेन बनाने का सुझाव दिया और नए सिरे से डीपीआर तैयार करने की बात कही थी।
मंजूरी के बाद शुरू होगा सड़क का काम
औट-बंजार मार्ग कुल्लू जिला की सबसे महत्त्वपूर्ण संपर्क सड़कों में से एक है। यह मार्ग बंजार घाटी को औट और आगे प्रस्तावित जलोड़ी सुरंग से जोड़ता है। इस सडक़ से बड़ी संख्या में पर्यटक तीर्थन घाटी, जीभी, शोजा, जलोड़ी दर्रा और आसपास के पर्यटन स्थलों तक पहुंचते हैं। सड़क के डबल लेन बनने से यात्रा अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक होगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →