हिमाचल के सरकारी गेस्ट हाउस में आम आदमी की एंट्री, दिल्ली-चंडीगढ़ से शिमला तक ऑनलाइन बुकिंग; जानें किराया और नियम
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 09 सितंबर 2026 : हिमाचल घूमने या राजधानी शिमला में ठहरने की योजना बना रहे लोगों के लिए काम की खबर है। अब सरकारी गेस्ट हाउस में कमरा लेने के लिए किसी सिफारिश या दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। हिमाचल सरकार ने नई दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला स्थित चुनिंदा सरकारी गेस्ट हाउसों के 24 कमरे आम जनता के लिए ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। खास बात यह है कि इन कमरों का किराया पहले प्रस्तावित ₹4,000 से घटाकर ₹3,000 प्रति कमरा प्रतिदिन किया गया है।
इन चार जगहों पर मिलेंगे कमरे
ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा चार सरकारी आवासों में उपलब्ध होगी
- हिमाचल भवन, नई दिल्ली – 7 कमरे
- हिमाचल सदन, नई दिल्ली – 4 कमरे
- हिमाचल भवन, चंडीगढ़ – 3 कमरे
- विली पार्क सर्किट हाउस, शिमला – 10 कमरे
इन चयनित कमरों का किराया 3,000 रुपए प्रतिदिन, सभी करों सहित रहेगा।
‘हिम अतिथि’ पोर्टल से होगी बुकिंग
कमरा बुक करने के लिए लोगों को ‘हिम अतिथि’ ऑनलाइन पोर्टल का इस्तेमाल करना होगा। आगमन की तारीख से अधिकतम तीन दिन पहले बुकिंग की जा सकेगी। बुकिंग तभी पक्की मानी जाएगी, जब ₹3,000 का शुल्क अग्रिम जमा कर दिया जाए। भुगतान के लिए नेट बैंकिंग, यूपीआई, क्यूआर कोड, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड की सुविधा रहेगी।
कैंसिलेशन का भी तय रहेगा नियम
अगर चेक-इन के समय दोपहर 12 बजे से कम से कम 24 घंटे पहले बुकिंग रद्द की जाती है तो 10 प्रतिशत राशि काटकर बाकी रकम वापस की जाएगी। वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से बुकिंग रद्द होने पर जमा की गई पूरी राशि लौटाई जाएगी।
बाकी कमरों का किराया ₹1,200 ही
इन 24 कमरों के अलावा चारों सरकारी गेस्ट हाउसों में उपलब्ध अन्य कमरों के किराये में बदलाव नहीं किया गया है। इनका किराया पहले की तरह ₹1,200 प्रति कमरा प्रतिदिन, सभी करों सहित रहेगा।
सरकार की इस व्यवस्था से दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला में ठहरने के लिए आम लोगों को सरकारी आवासों तक ऑनलाइन पहुंच मिलेगी। खासकर पर्यटन सीजन में यह सुविधा उन लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जो निजी होटलों के मुकाबले एक वैकल्पिक और निर्धारित दर वाला आवास तलाशते हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →