Himachal Pradesh: वन विकास निगम में भी होगी वन मित्रों की भर्ती; 100 पदों पर भर्ती की तैयारी, सरकार को मंजूरी के लिए भेजा प्रस्ताव
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 24 फरवरी 2026 :
हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के तहत भी अब प्रदेश में वन मित्रों की भर्ती होगी। इसके लिए निगम प्रबंधन की ओर से एक प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार को भेजा है।
इसके तहत निगम के अधीन 100 वन मित्रों की भर्ती की जानी है। राज्य सरकार की ओर से अनुमति मिलने के उपरांत निगम प्रबंधन इनकी भर्ती को लेकर आगामी प्रक्रिया आरंभ करेगा। वन विभाग के प्रमुख एवं प्रबंध निदेशक राज्य वन विकास निगम संजय सूद ने खबर की पुष्टि की है। उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में सरकार ने वन विभाग के तहत 2000 से अधिक पदों पर वन मित्रों की भर्ती की है, जो मौजूदा समय में प्रदेश भर में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। वन मित्रों को सरकार की ओर से 10 हजार रपए मासिक वेतन दिया जाता है।
उधर, प्रदेश में अब राज्य वन विकास निगम ने भी वन मित्रों की भर्ती को लेकर तैयारी कर ली है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि आरंभिक तौर पर राज्य में फोरेस्ट कारपोरेशन के तहत 100 पदों पर वन मित्रों की नियुक्तियां करने की योजना है। इसके लिए निगम प्रबंधन की ओर से एक प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए भी भेज दिया है। निगम राज्य सरकार को भेजे गए इस प्रस्ताव की मंजूरी का इंतजार कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में फोरेस्ट कारपोरेशन के तहत लकड़ी के टाल की निगरानी की जिम्मेदारी रहती है। पेड़ों के कटान से लेकर इन्हें डिपो तक भेजने का पूरा कार्य निगम ही देखता है। सूत्रों का कहना है कि लंबे समय से निगम में भर्ती भी नहीं हुई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →