MP Kangna On Action Mode : अधिकारियों पर क्यों बरसीं सांसद कंगना रनौत; बोलीं : ‘काम नहीं करना तो बैठकों का ढकोसला क्यों?’ 11 करोड़ के फंड पर जताई नाराजगी
शशिभूषण पुरोहित
मंडी : 05 सितंबर 2026 : मंडी संसदीय क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और सांसद निधि के इस्तेमाल में हो रही देरी को लेकर सांसद कंगना रनौत का पारा चढ़ गया। जिला मुख्यालय में आयोजित प्रशासनिक समीक्षा बैठक में कंगना ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा एतराज जताते हुए दो टूक कहा कि जनता के विकास से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सांसद ने अधिकारियों से सवाल किया कि जब काम ही नहीं करना है तो बार-बार बैठकों का आयोजन क्यों किया जा रहा है। उन्होंने लंबित योजनाओं, फाइलों और सांसद निधि से जुड़े कार्यों में हो रही देरी को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
11 करोड़ के फंड में आधा पैसा अब भी पड़ा
बैठक में सांसद निधि के उपयोग का मुद्दा प्रमुखता से उठा। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 11 करोड़ रुपये के फंड में लगभग आधी राशि अभी तक इस्तेमाल नहीं हुई है। कंगना ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकारी धन को केवल जारी कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका निर्धारित उद्देश्य के लिए समय पर इस्तेमाल होना भी जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों में राशि जारी होने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ है, उनकी समीक्षा की जाए और जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों से राशि की रिकवरी सुनिश्चित की जाए।
‘दफ्तरों में बैठकर लापरवाही कर रहे अधिकारी’
कंगना ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास कार्यों में देरी का गलत संदेश जनता के बीच जा रहा है। उन्होंने यह भी नाराजगी जताई कि उनके कार्यालय से भेजे जाने वाले पत्रों और निर्देशों को भी गंभीरता से नहीं लिया जाता।
सांसद ने कहा कि ऐसी स्थिति से सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठते हैं। अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह होकर काम करना चाहिए।
‘एक दिन काम करने का मौका मिले तो फाइलें निपटा दूंगी’
बैठक के दौरान कंगना ने लंबित फाइलों को लेकर भी अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई। उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा कि यदि उन्हें एक दिन के लिए भी प्रशासनिक काम संभालने का मौका मिले तो वह लंबित फाइलों का निपटारा करके दिखा सकती हैं।
बैकलॉग खत्म करने और समयबद्ध काम के निर्देश
सांसद ने संबंधित विभागों को पिछले कार्यों का बैकलॉग तत्काल खत्म करने और नई विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा में धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ मामला उच्च स्तर तक ले जाया जाएगा और सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
कंगना के इन तेवरों से साफ है कि मंडी संसदीय क्षेत्र में सांसद निधि और विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर अब प्रशासनिक अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की कवायद तेज हो सकती है। बैठक में फंड के उपयोग, लंबित कार्यों और सरकारी मशीनरी की कार्यप्रणाली को लेकर सांसद ने जिस तरह खुलकर नाराजगी जताई, वह प्रशासन के लिए स्पष्ट चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है।
गुस्से को लेकर हुईं ट्रोल
कंगना अपने गुस्से को लेकर सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल भी हुईं। अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कंगना अपना आपा खोते नजर आईं। उन्होंने बीडीओ को यहां तक कह डाला "कौन है बीडीओ, खड़ा हो जा"। इसके अलावा अन्य अधिकारियों की भी कंगना ने खूब क्लास लगाई। अधिकारियों को डांट पड़ते देख साथ बैठे डीसी अपूर्व देवगन भी बगले झांकते नजर आए। कंगना अपने इस व्यवहार को लेकर काफी ट्रोल हुईं।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें : https://drive.google.com/file/d/1Ryo0YDMzcvILzlq209CWY3vnQSQ9XRxn/view?usp=drivesdk
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →