Himachal NH Breaking : कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर अब 60 की जगह 80 की लिमिट, नितिन गडकरी ने हिमाचल का आग्रह माना; टैक्सी वाहनों की अवधि पर भी सहमति
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 03 सितंबर 2026 : कीरतपुर मनाली फोरलेन को लेकर बड़ी खबर है। हिमाचल प्रदेश के टैक्सी और पर्यटन कारोबारियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है।
हिमाचल के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की और हिमाचल से संबंधित कई महत्त्वपूर्ण परिवहन मुद्दों को उनके समक्ष रखा। बैठक में कीरतपुर-बिलासपुर-मंडी मार्ग पर गति सीमा को 60 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा करने पर भी सहमति बनी। इससे पर्यटकों सहित अन्य लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कान्ट्रैक्ट कैरिज वाहनों का मामला भी उठाया
बैठक के दौरान उप-मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कान्ट्रैक्ट कैरिज वाहन संचालकों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बारे में केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया। उन्होंने पर्यटक वाहन के रूप में उपयोग किए जाने वाले वाहनों की स्वीकार्य (पर्मिसिबल एज लिमिट) आयु सीमा को 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि आल इंडिया टूरिस्ट परमिट योजना के तहत आने वाले वाहनों की आयु सीमा पहले ही बढ़ाई जा चुकी है। उन्होंने सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता किए बिना कान्ट्रैक्ट कैरिज वाहनों को भी इसी प्रकार की राहत देने का आग्रह किया।
प्रदेश के टैक्सी संचालकों और पर्यटन क्षेत्र को बड़ी राहत देते हुए टूरिस्ट परमिट के तहत राज्य के भीतर संचालित टैक्सियों की वैधता अवधि 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष करने का महत्त्वपूर्ण निर्णय लिया गया था। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में आवश्यक अधिसूचना जारी करने के निर्देश दिए।
गडकरी ने राज्य सरकार की सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया और प्रदेश सरकार के सभी निर्माणाधीन एटीएस केंद्रों की स्थिति एवं संबंधित विवरण उपलब्ध करवाने को कहा। अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा यह विवरण तत्काल भेजा जाएगा।
पंडोगा से झलेड़ा रोड को एनएच से जोड़ने का आग्रह
मुकेश अग्निहोत्री के आग्रह पर अमृतसर-होशियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को पंडोगा (पंजाब-हिमाचल सीमा) से झलेड़ा, ऊना तक राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने बारे आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
डिप्टी सीएम ने जताया आभार
उप-मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सकारात्मक दृष्टिकोण और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया और आशा व्यक्त की कि लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित होगा, जिससे प्रदेश के परिवहन क्षेत्र को लंबे समय से अपेक्षित राहत मिल सकेगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →