Punjab News : चलती ऑल्टो कार बनी आग का गोला
मोगा/धर्मकोट, 3 March 2026 ; धर्मकोट के नजदीक आज दोपहर एक चलती ऑल्टो कार में अचानक भयंकर आग लग गई। गनीमत यह रही कि कार सवारों ने समय रहते धुंआ देख लिया और गाड़ी से बाहर कूद गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
भाई को छोड़कर लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, मनप्रीत सिंह कैला अपने दोस्त गगनदीप सिंह के साथ मोगा गए थे। वे अपने भाई इंद्रजीत सिंह, जो मोगा के एक बैंक में कार्यरत हैं, उन्हें छोड़कर वापस धर्मकोट लौट रहे थे। जैसे ही वे धर्मकोट के करीब पहुंचे, कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। मनप्रीत ने तुरंत गाड़ी रोकी और दोनों दोस्त नीचे उतर गए। उनके उतरते ही कार आग की लपटों में घिर गई।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही नगर काउंसिल धर्मकोट की फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी। स्थानीय पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →