Weather Update: पंजाब में बढ़ेगी गर्मी, 21 अप्रैल से चलेगी हीट वेव
चंडीगढ़, 20 अप्रैल,2026ः पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने 21 से 23 अप्रैल तक हीट वेव चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर रातें भी गर्म रहने की संभावना है। हालांकि आज (20 अप्रैल) को किसी तरह का अलर्ट नहीं है।
19 अप्रैल को शाम के समय मौसम अचानक बदल गया था। एक समय ऐसा लगा मानो बारिश हो सकती है और ठंडी हवाएं भी चलीं। हालांकि 21 अप्रैल से फिर गर्मी बढ़ने की संभावना है। 21 अप्रैल को संगरूर, पटियाला और मोहाली में कुछ स्थानों पर लू चल सकती है।
वहीं अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में कुछ स्थानों पर गर्म रात की स्थिति बन सकती है। 22 और 23 अप्रैल को संगरूर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली), लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब में कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है। वहीं, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में गर्म रात रहने की संभावना है।
23 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ कर सकता है प्रभावित
मौसम विभाग के अनुसार, इस समय पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा में करीब 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। उत्तर भारत के ऊपर तेज रफ्तार की जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं, जिनकी गति करीब 80 नॉट है। 23 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है, जबकि उत्तर पाकिस्तान के आसपास बना पुराना सिस्टम अब कमजोर पड़ गया है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →