Himachal: Shimla News: चिट्टा तस्करी में बैंक मैनेजर के बाद चपरासी गिरफ्तार, संजौली में चरस पकड़ी
पुलिस ने 12 अप्रैल को पकड़े गए चिट्टे के मामले में ठियोग न्यायालय में तैनात हितेंद्र मेहता को किया गिफ्तार
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 19 अप्रैल 2026: चिट्टा तस्करी के मामलों में आए दिन सरकारी कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आ रही है। एक दिन पहले ही पुलिस ने रोहड़ू में चिट्टा तस्करी के मामले में एसबीआई (स्टेट बैंक ऑफ इंडिया) के ऋण मैनेजर को गिरफ्तार किया था।
अब चिट्टा तस्करी से जुड़े एक अन्य मामले में पुलिस ने ठियोग न्यायालय में बतौर चपरासी कार्यरत हितेंद्र मेहता उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया है। एक अन्य मामले में संजौली पुलिस ने चरस के साथ दो युवकों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक पहला मामला 12 अप्रैल का है, जब सूचना के आधार पर पुलिस थाना ठियोग की टीम ने नंगल देवी के पास एक कार की तलाशी ली। इसमें कुलदीप वर्मा उर्फ आशु निवासी नलेहा के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू की गई।
पुलिस ने जब आरोपी से गहन पूछताछ की तो उसने खुलासा किया कि उसने चिट्टा हितेंद्र मेहता उर्फ रिंकू को सप्लाई देने के उद्देश्य से प्राप्त किया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों का गहनता से विश्लेषण किया।
जांच के दौरान दोनों आरोपियों के बीच व्हाट्सएप चैट में मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से संबंधित बातचीत पाई गई। इससे उनके बीच आपसी समन्वय एवं अवैध कारोबार की पुष्टि हुई। इसके अलावा हितेंद्र मेहता ने कुलदीप वर्मा को यूपीआई से भुगतान भी किया था। इस आधार पर हितेंद्र मेहता उर्फ रिंकू की इस मामले में संलिप्तता मिली। पुलिस ने केस में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 भी जोड़ दी है।
अब पुलिस आरोपी से पूछताछ के बाद मामले को लेकर गहनता से जांच करेगी। जिले में नशा तस्करी के मामलों में आए दिन सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की संलिप्तता ने सबका चौंका दिया है। चिंता की बात यह है कि चिट्टा तस्करी के मामलों में पुलिस, बैंक, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विभागों के कर्मी और अधिकारी भी पकड़े जा चुके हैं। चिट्टे की बढ़ती समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार ने भी ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →