Himachal Weather Update: हिमाचल में 23 अप्रैल तक साफ रहेगा मौसम, इस दिन से फिर बारिश-बर्फबारी
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 20 अप्रैल 2026 :
प्रदेश में इस हफ्ते मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश भर में कहीं बारिश, तो कहीं तापमान बढ़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार 20 अप्रैल को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गर्जन और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
विशेषकर किन्नौर और लाहुल-स्पीति जैसे जनजातीय क्षेत्रों में हवाओं का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। इसके बाद 20 से 23 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी और दैनिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रह सकेंगी। हालांकि 24 और 25 अप्रैल को एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। इन दिनों ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।
तापमान की बात करें तो फिलहाल न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन अगले चार से पांच दिनों के दौरान तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हाल ही में कुकुमसेरी में प्रदेश का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो मैदानों में गर्मी के बढ़ते असर को दर्शाता है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दिनों में मौसम में यह बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने के आसार हैं। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →