Himachal Cloud Burst: हिमाचल को आपदा में अब तक 1714 करोड़ का नुकसान, एक नेशनल हाइवे समेत 296 सड़कें बंद
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 04 अगस्त 2025 :
मानसून में हुए नुकसान का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। आपदा में हिमाचल प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। अभी भी प्रदेश में एक नेशनल हाइवे बाधित है, तो वहीं 296 सड़कें शनिवार शाम तक भी खुल नहीं पाई हैं।
प्रदेश सरकार केंद्र से आर्थिक मदद का इंतजार कर रही है, जो अब तक हासिल नहीं हुई है। शनिवार शाम तक नुकसान का आंकड़ा सरकारी कागजों में 1714.95 करोड़ तक पहुंच गया है। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग व जल शक्ति विभाग को पहुंचा है। प्रदेश में अभी भी भारी संख्या में सड़कें यातायात के लिए बाधित चल रही हैं। मानसून सीजन में अभी तक 184 लोगों की मौत हो चुकी हैं, जिनमें सड़क हादसों के मृतक भी शामिल हैं।
मानसून सीजन में इस बार सड़क हादसों के मुकाबले प्राकृतिक कारणों के चलते ज्यादा मौतें हुई हैं। अभी तक बिलासपुर में 8, चंबा में 17, हमीरपुर में 11, कांगड़ा में 30, किन्नौर में 11, कुल्लू में 18, लाहौल स्पीति में 6, मंडी में 37, शिमला में 18, सिरमौर में 5, सोलन में 12 और ऊना में 11 लोगों की मौत हो चुकी हैं।
इसके अलावा प्रदेश में अभी भी बादल फटने सहित भारी बारिश के चलते पेश आई आपदा में 36 लोग लापता चल रहे हैं। इसमें चंबा में 1, कांगड़ा में 2, किन्नौर में 1, कुल्लू में 2, मंडी में 27 और शिमला में 2 लोग लापता चल रहे हैं। प्रदेश में सड़क हादसों में 81 और प्राकृतिक कारणों के चलते 103 लोगों की मौतें हुई हैं।
प्रदेश में अभी भी भारी बारिश के चलते हुए भू-स्खलन के कारण 296 सड़कें यातायात के लिए बाधित चल रही हैं। एक नेशनल हाईवे भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद चल रहा है।
चंबा में 21 सड़कें बंद हैं। चंबा के भटियात में 12, भरमौर में 5, चंबा व सलूणी सब-डिवीजन में 2-2 सड़कें बंद चल रही हैं। कांगड़ा के धर्मशाला सब डिवीजन में 4 सड़कें अवरुद्ध हैं। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →