Himachal Congress : 4 अगस्त को दिल्ली में अहम बैठक, सीएम समेत सभी मंत्री तलब; संगठन के पुनर्गठन और सरकार के कामकाज की होगी समीक्षा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 02 अगस्त 2025 : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन की कवायद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। इसी सिलसिले में 4 अगस्त को दिल्ली में हिमाचल कांग्रेस को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है।
बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सभी कैबिनेट मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को नई दिल्ली तलब किया गया है।
प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के चलते यह बैठक केवल संगठन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बीते ढाई वर्षों में सरकार के प्रदर्शन की भी व्यापक समीक्षा होगी। योजनाओं के क्रियान्वयन, जन सरोकारों से जुड़ी नीतियों की प्रभावशीलता और जनता को मिली राहत की भी परख की जाएगी। मंत्रियों से उनके विभागीय कार्यों का फीडबैक लिया जाएगा और संभावित फेरबदल के संकेत भी मिल सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, बैठक का मुख्य एजेंडा प्रदेश में कांग्रेस संगठन की नई संरचना का खाका तैयार करना है। नवंबर 2024 से राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर की सभी कांग्रेस कमेटियां भंग हैं। ऐसे में नए सिरे से संगठन निर्माण को लेकर रणनीति तय की जाएगी। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी शुरुआती मंथन होगा। पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने को लेकर भी दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे।
निगमों-बोर्डों में नियुक्तियों पर भी हो सकता है फैसला
प्रदेश में बोर्डों और निगमों में लंबे समय से रिक्त चल रहे अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों को लेकर भी बैठक में अहम निर्णय लिया जा सकता है। यह नियुक्तियां न केवल संगठन के दृष्टिकोण से, बल्कि क्षेत्रीय संतुलन और राजनीतिक संदेश के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
3 अगस्त को चंबा, फिर दिल्ली वापसी
मुख्यमंत्री सुक्खू शुक्रवार शाम दिल्ली पहुंचेंगे, जिसके बाद 3 अगस्त को चंबा में मिंजर मेले के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। उसी दिन वे दोबारा दिल्ली लौटेंगे और 4 अगस्त को बैठक में भाग लेंगे। बैठक के बाद वे 5 अगस्त को शिमला लौटेंगे।
आज होगी कांग्रेस की राष्ट्रीय बैठक, संविधानिक चुनौतियों पर मंथन
शनिवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक भी दिल्ली में प्रस्तावित है, जिसमें देशभर की राजनीतिक और संविधानिक चुनौतियों पर विचार-विमर्श होगा। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। हिमाचल से मुख्यमंत्री सुक्खू और प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह बैठक में भाग लेंगे। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →