Himachal Congress: हिमाचल कांग्रेस को जल्द मिलेगा नया अध्यक्ष, दिल्ली में CM सुक्खू से होगी अंतिम चर्चा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 12 अगस्त 2025 : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को इसी हफ्ते नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने की संभावना है। संगठन पुनर्गठन को लेकर पार्टी हाईकमान ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को दिल्ली बुलाया है। मुख्यमंत्री का मंगलवार को शिमला से रवाना होना तय है।
सूत्रों के मुताबिक, इस बार अध्यक्ष पद की कमान अनुसूचित जाति वर्ग के किसी नेता को मिलने के आसार अधिक हैं। भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी और विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार दावेदारों की सूची में शामिल हैं। वहीं, मंत्री यादविंद्र गोमा को पद से हटाकर संगठन में लाने की चर्चा भी तेज है।
जानकारी के अनुसार, पहले प्रदेश और जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जबकि ब्लॉक स्तर की नियुक्तियों में समय लगेगा। अध्यक्ष पद के लिए नाम लगभग तय हो चुका है, और अब मुख्यमंत्री से अंतिम राय लेकर घोषणा होगी। बारिश के कारण मुख्यमंत्री का दौरा सोमवार से टलकर मंगलवार को हुआ है।
हाल ही में अध्यक्ष पद की दौड़ में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नामों पर चर्चा से अनुसूचित जाति वर्ग के नेताओं में नाराज़गी थी। उनका तर्क है कि प्रदेश में इस वर्ग का बड़ा वोट बैंक है, इसलिए उनकी उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री भी उनके पक्ष में बताए जा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस के इतिहास में अब तक केवल तीन बार ही अनुसूचित जाति वर्ग से अध्यक्ष बने हैं उनमें कुलदीप कुमार, दिवंगत पीरू राम और केडी सुल्तानपुरी शामिल हैं।
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि इस वर्ग का झुकाव परंपरागत रूप से कांग्रेस की ओर रहा है, इसलिए इस बार पार्टी ने अध्यक्ष पद उन्हें देने का फैसला किया है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →