Himachal Congress : प्रदेश कांग्रेस को जल्द मिलेगा नया अध्यक्ष, रोहित, राठौर समेत छह नेताओं को हाईकमान ने दिल्ली किया तलब
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 07 नवम्बर 2025 :
कांग्रेस हाईकमान ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर समेत छह नेताओं को नई दिल्ली बुलाया है। इनसे बातचीत के बाद आलाकमान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर जल्द फैसला लेगा। एक पार्टी अध्यक्ष और तीन कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति की जानी है। इसलिए यह सभी नेता नई दिल्ली बुलाए गए हैं।
उधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दस दिन के भीतर संगठन को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए अब थोड़ा ही इंतजार करना होगा।
राष्ट्रीय नई दिल्ली में शुक्रवार को साढ़े नौ बजे इन छह नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। यह बैठक वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी व पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ले सकते हैं। हिमाचल प्रदेश में होने वाले आगामी पंचायत चुनाव और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में मिशन रिपीट को लक्षित कर क्षेत्रीय, जातीय व अन्य समीकरणों को देखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष तय होगा। इसीलिए समय लग रहा है। प्रदेश में पिछले एक साल से कांग्रेस संगठन भंग चल रहा है।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर वीरवार को शिमला में थे और शाम को अचानक नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। कुलदीप सिंह राठौर अपने विधानसभा क्षेत्र ठियोग में एक कार्यक्रम में थे कि उन्हें भी नई दिल्ली बुलाया गया तो वह भी चले गए। यह दोनों नेता अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं। सूत्रों के अनुसार राजपूत वर्ग से संबंध रखने वाले इन दोनों ही नेताओं के बारे में हाईकमान मुख्यमंत्री सुक्खू से राय ले चुका है। कांग्रेस हाईकमान ने इनके अलावा अध्यक्ष पद की दावेदारी के लिए विधानसभा उपाध्यक्ष व रेणुका विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार और कसौली के युवा विधायक विनोद सुल्तानपुरी पर भी सीएम से फीडबैक लिया है।
दोनों अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखते हैं। इसी तरह कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के लिए भोरंज के विधायक सुरेश कुमार और पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल के नामों पर चर्चा हो चुकी है। सुरेश कुमार भी अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं। वहीं, आगामी दिनों में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी नई दिल्ली जा सकते हैं। वह हाईकमान के समक्ष कांग्रेस संगठन के संभावित अध्यक्ष पर फिर से अपना फीडबैक दे सकते हैं। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →