Himachal Pradesh: धर्मशाला में ‘महिला मंडल’ के नाम पर ठगी, शातिर महिला ने लगाया 20 लाख का चूना, ऐसे बिछाया जाल
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला, 28 फरवरी 2026 :
जिला कांगड़ा के उपमंडल धर्मशाला के अंतर्गत सुधेड़ गांव में एक महिला द्वारा बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। ‘ब्रजेश्वरी महिला मंडल’ की आड़ में आरोपी महिला कथित तौर पर ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं से करीब 20 लाख रुपए की ठगी कर रातों-रात फरार हो गई। इस घटना से पीड़ित परिवारों की जमा-पूंजी डूब गई है, जिससे कई लोगों के घरों में आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
विश्वास जीतकर बिछाया जाल
आरोपी महिला ने करीब एक साल पहले इस मंडल का गठन किया था। शुरुआत में उसने छोटे स्तर पर कमेटी चलाकर कुछ महिलाओं को समय पर भुगतान किया, जिससे ग्रामीणों का उस पर भरोसा बन गया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने महिलाओं को अधिक निवेश के लिए प्रोत्साहित किया। कई ग्रामीणों ने तो अपनी बेटियों की शादी, बच्चों की पढ़ाई और भविष्य के लिए जेवर गिरवी रखकर और कर्ज लेकर इस चिटफंड में पैसा निवेश किया। जब कमेटी की कुल जमा राशि 20 लाख रुपये के आंकड़े को पार कर गई, तो आरोपी महिला अचानक अपना घर खाली कर फरार हो गई। पीड़ित महिलाओं में से एक ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर पैसे जमा किए थे, लेकिन अब सब लुट चुका है। दिहाड़ी-मजदूरी करने वाली महिलाओं की मेहनत की कमाई भी इस फ्रॉड की भेंट चढ़ गई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →