ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया बहुत अच्छा दोस्त, कहा- भारत एक महान देश
नई दिल्लीः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया सोशल मीडिया पोस्ट ने पूरी दुनिया में हलचल मचा दी थी. दरअसल, ट्रंप ने एक वीडियो शेयर किया था जिसमें भारत और चीन जैसे देशों के लिए ‘हेलहोल’ यानी नर्क जैसे शब्दों का इस्तेमाल हुआ था. इस पर विवाद बढ़ने के बाद अब अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने बड़ा बयान जारी किया है. प्रवक्ता के मुताबिक ट्रंप ने भारत को एक ‘महान देश’ बताया है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत के शीर्ष नेतृत्व में उनका एक बहुत अच्छा दोस्त बैठा है.
दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर माइकल सैवेज का एक वीडियो शेयर किया था. माइकल सैवेज एक मशहूर रूढ़िवादी लेखक और रेडियो होस्ट हैं. उस वीडियो में सैवेज ने अमेरिका में जन्म के आधार पर मिलने वाली नागरिकता (बर्थराइट सिटीजनशिप) की कड़ी आलोचना की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी लोग अमेरिकी कानूनों का गलत फायदा उठा रहे हैं. सैवेज ने कहा कि लोग अपनी प्रेगनेंसी के आखिरी महीनों में अमेरिका आते हैं ताकि उनके बच्चे को वहां की नागरिकता मिल जाए. इसी दौरान उन्होंने भारत और चीन के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था.
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →