Himachal: Rohtang Pass : बर्फ से लदे 13,050 फीट ऊंचे रोहतांग टॉप तक पहुंचे पर्यटक, सैलानियों के लिए पूरी तरह खुला दर्रा
बाबूशाही ब्यूरो
मनाली, 21 मई 2026 : देश-विदेश के पर्यटकों की पहली पसंद रोहतांग दर्रा आखिरी छोर तक खुल गया है। मनाली और कोकसर की ओर से बर्फ हटाने के कार्य में लगी मशीनरी एक-दूसरे से मिल गई है। सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम पांच से 20 फीट ऊंची बर्फ की दीवारों को चीरते हुए रोहतांग टॉप पहुंची।
अब पर्यटक रोहतांग होते हुए अटल टनल से लौटेंगे। रोहतांग खुलने के बाद पर्यटकों का मेला लग गया है। हर रोज 1200 वाहन परमिट लेकर रोहतांग दर्रा पहुंच रहे हैं। अब तक पर्यटक वाहनों को मढ़ी से आगे राहनीनाला तक भेजा जा रहा था। रोहतांग से लगभग चार किलोमीटर पीछे तक पर्यटक पहुंच रहे थे। अब सड़क पूरी तरह से खुलने के बाद रोहतांग में जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।
हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक रोहतांग बहाली की अधिसूचना जारी नहीं हो पाई है। बावजूद इसके पर्यटक भारी संख्या में रोहतांग तक पहुंच रहे है। हर रोज परमिट लेने के लिए बनी पर्यटन विभाग की ऑनलाइन साइट का स्लॉट बुक हो रहा है। आधिकारिक तौर पर रोहतांग खुलने के बाद पर्यटकों की संख्या में और इजाफा दर्ज किया जाएगा।
सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों का कहना है कि रोहतांग दर्रा में अभी पार्किंग क्षेत्र से बर्फ हटाने का कार्य शेष रह गया है। इसके बाद प्रशासन के साथ सड़क का निरीक्षण कर यातायात संबंधी अधिसूचना जारी होगी। एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने कहा कि जल्द रोहतांग का निरीक्षण कर रिपोर्ट उपायुक्त को भेजी जाएगी। समुद्रतल से 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा खुलने का पर्यटकों सहित पर्यटन कारोबारियों को भी बेसब्री से इंतजार रहता है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →