अमेरिकी विदेश मंत्री ने पत्नी के साथ ताजमहल देखा
आगराः अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने पत्नी जेनेट रूबियो के साथ सोमवार को ताजमहल देखा। दोनों ने डायना बेंच पर बैठकर फोटो खिंचवाए। 41 डिग्री तापमान में मार्को रूबियो 45 मिनट तक ताजमहल परिसर में घूमे।
जेनेट ने ताज को देखकर कहा- बेहद खूबसूरत। गाइड नितिन सिंह से दोनों ने ताजमहल की नक्काशी के बारे में जानकारी ली और कई सवाल पूछे। मार्को काले कोट-पैंट में, जबकि जेनेट ग्रे रंग के गाउन में नजर आईं। दोनों ने काला चश्मा भी लगाया हुआ था।
मार्को रूबियो पत्नी और 60 लोगों के प्रतिनिधिमंडल के साथ सुबह 10 बजे आगरा पहुंचे। एयरपोर्ट पर कमिश्नर दीपक कुमार और डीएम मनीष बंसल ने उनको रिसीव किया। यहां से सीधे मार्को ताजमहल पहुंचे और गोल्फ कार्ट से परिसर के भीतर गए।
ताजमहल देखने के बाद मार्को रूबियो प्रतिनिधिमंडल के साथ होटल अमर विलास पहुंचे। यहां लंच के बाद वे दोपहर 12:48 बजे खेरिया एयरपोर्ट से विशेष विमान से जयपुर रवाना हो गए।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →