Himachal Pradesh: एचआरटीसी बस चालक-परिचालक से मारपीट, सरकारी बस में तोड़फोड़
नालागढ़ थाना में मामला दर्ज
Babushahi Bureau
नालागढ़ (सोलन), 25 मई 2026 : नालागढ़ पुलिस थाना में एचआरटीसी बस चालक व परिचालक के साथ मारपीट और सरकारी बस में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। इस संबंध में अमरचंद पुत्र रोशन लाल निवासी जिला कांगड़ा तथा सुमित शर्मा पुत्र स्वरूप कुमार शर्मा निवासी जिला कांगड़ा ने 23 मई को शिकायत पत्र दिया।
शिकायत के अनुसार एचआरटीसी बस नंबर HP-64-7440 अपने रूट पर जा रही थी। इसी दौरान बागवानी क्षेत्र के पास बस चालक द्वारा कार नंबर HP-63C-8946 को ओवरटेक किया गया। आरोप है कि इस बात से नाराज कार सवार व्यक्तियों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया, जो गाड़ी नंबर HP-12B-74068 में वहां पहुंचे।
बताया गया कि खेड़ा से आगे आरोपियों ने एचआरटीसी बस को रोक लिया और चालक व परिचालक के साथ मारपीट की। इस घटना में दोनों कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं। वहीं आरोपियों द्वारा सरकारी बस के फ्रंट शीशे पर स्क्रैच किए गए तथा ड्राइवर साइड का शीशा भी तोड़ दिया गया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
घटना के दौरान चालक ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों का नालागढ़ सीएचसी में मेडिकल करवाया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर नंबर 156 दर्ज कर ली है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 132, 126(2), 121, 118(1) तथा पीडीपी एक्ट की धारा 03 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
चालक व परिचालक ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके। गौर हो कि इससे पूर्व शिमला क्षेत्र में भी एचआरटीसी चालक के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें हरियाणा निवासी चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →