Himachal: प्रदेश में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर शिकंजा; चार माह में 1675 गिरफ्तार, 3129 चालकों के चालान
धुत्त होकर वाहन चलाने पर चार माह में 1675 गिरफ्तार; 3129 चालकों के चालान, 829 लाइसेंस के निलंबन की सिफारिश
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 25 मई 2026 :
प्रदेशभर में पुलिस ने शराबी वाहन चालकों पर शिकंजा कस दिया है। शराब के नश में वाहन चलाने पर प्रदेश में जनवरी से अप्रैल तक चार माह में 1675 वाहन चालक गिरफ्तार किए हैं। इसके अलावा 47 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं। पुलिस ने प्रदेश में ड्रंक एंड ड्राईव के मामलों 3129 में 829 वाहन चालकों के लाइसेंसों के निलंबन की सिफारिशें भेजी है।
शराब के नशे में वाहन चलाने पर चंबा में चार, हमीरपुर में छह, कांगड़ा में 29, मंडी में एक, शिमला में छह और ऊना जिला में एक वाहन चालक का ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किया गया है। पुलिस ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जनवरी से अप्रैल माह तक चार माह में ड्रंक एंड ड्राइव के 3129 चालान किए हैं।
इसके अलावा शराब के नशे में वाहन चला रहे 1675 वाहन चालकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रदेश में सडक़ सुरक्षा बढ़ाने के सक्रिय प्रयास में हिमाचल प्रदेश पुलिस सड़क दुर्घटनाओं, उल्लंघनों, मौतों की निगरानी और प्रबंधन के लिए वास्तविक समय डाटा विश्लेषण का उपयोग कर रहा है। पुलिस की टीमें चौबीसों घंटे काम करती है, सड़क दुर्घटनाओं के पैटर्न और कारणों की पहचान करने के लिए 24 घंटे सात दिन ट्रैफिक डाटा का विश्लेषण करती है।
पुलिस के विश्लेषणों में खुलासा हुआ है कि लापरवाही से गाड़ी चलाने, तेज गति से गाड़ी चलाने और नशे में गाड़ी चलाने के कारण काफी संख्या में दुर्घटनाएं हुई हैं। विभाग की ओर से प्रदेश के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों के साथ-साथ टीटीआर यूनिट की कड़ी निगरानी में नशे में गाड़ी चलाने के खिलाफ प्रवर्तन तेज करने का निर्देश दिए गए। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →