हिमाचल में धीमी पड़ेगी मॉनसून की रफ्तार, 23 अगस्त से राहत के आसार
अगले दो दिन 21 और 22 को कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 20 अगस्त 2026 : राज्य में अगस्त में सामान्य से आठ फीसदी कम बारिश हुई है। हिमाचल प्रदेश में लगातार सक्रिय मॉनसून से अब 23 अगस्त से राहत मिलने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश में मॉनसून सक्रिय रहेगा और कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 23 से 26 अगस्त तक बारिश का दौर तो जारी रहेगा, लेकिन इसकी तीव्रता कम रहने की संभावना है। इस अवधि के लिए मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।
इससे बारिश और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। हालांकि, प्रदेश में बारिश से सडक़, बिजली और पेयजल सेवाएं अभी भी प्रभावित हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार वीरवार शाम तक प्रदेश में भूस्खलन के कारण एक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 135 सडक़ें बंद थीं। इसके अलावा 22 बिजली ट्रांसफार्मर और 79 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं। मंडी जिले में एनएच-003 मंडी-कोटली मार्ग धर्मपुर क्षेत्र में रोपड़ू के पास बंद है।
सड़क बंद होने से मंडी जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 64 सड़कें अवरुद्ध हैं। कुल्लू में 43 और चंबा में 19 सड़कें बंद हैं। बिजली आपूर्ति पर भी बारिश का असर पड़ा है। वहीं राज्य के कुछ एक क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों में कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
सोलन जिले के नालागढ़ में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर के ब्रह्माणी में 49, नैनादेवी में 36, मररान में 25 और मंडी के सलापड़ में 21 मिलीमीटर बारिश हुई। वीरवार सुबह शिमला में कुछ समय धूप खिली, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में कहीं धूप तो कहीं बादल छाए रहे। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →