HPUJ Meeting : हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की ऑनलाइन बैठक में संगठन को मजबूत करने पर मंथन, डिजिटल मीडिया के पत्रकारों के लिए बने मान्यता नीति
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पत्रकारों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य, महासचिव डॉ. किशोर ठाकुर, संगठन मंत्री गोपाल शर्मा, हरि राम धीमान, जितेंद्र कुमार, मनोज रतन, पंकज जायसवाल, राम स्वरूप शर्मा, स्पर्श शर्मा, संजय राजन, संजीव ठाकुर, जितेंद्र शर्मा, शकुंतला देवी तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. शशि भूषण पुरोहित सहित अन्य पत्रकार एवं सदस्य ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार तथा जिला स्तर पर संगठन को सशक्त करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन की ओर से जारी होने वाले समाचारों एवं प्रेस विज्ञप्तियों को प्रभावी ढंग से प्रकाशित करवाने तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
सदस्यों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। साथ ही पत्रकारों की समस्याओं को एकजुट होकर संबंधित मंचों पर उठाने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रदेश के सभी पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित संवाद आवश्यक है।
बैठक में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के जयपुर में होने वाले द्विवार्षिक राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर भी चर्चा हुई। अधिवेशन की नई तिथियों के अनुसार आवश्यक तैयारियां करने पर सहमति बनी।
इस दौरान डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को भी मान्यता की सुविधा प्रदान करने की मांग राष्ट्रीय अधिवेशन में उठाने तथा मान्यता प्राप्त पत्रकारों के परिवारों को भी एक-दो टूर में आने-जाने की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग रखने पर चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश के पत्रकारों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर शीघ्र ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर उन्हें सरकार के समक्ष उठाने पर भी सहमति बनी। पत्रकार सुरक्षा, सम्मान, कल्याण तथा पत्रकारों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सरकार के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों की एकता, सुरक्षा, सम्मान एवं हितों के लिए हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स निरंतर प्रयास करता रहेगा। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के लिए आपसी सहयोग, समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →