Himachal Breaking: डिप्टी सीएम के सुरक्षा अधिकारी की गाड़ी पलटी, खेतों में जा गिरी; बिन्नी मिन्हास बाल-बाल बचे
बाबूशाही ब्यूरो
ऊना, 5 सितंबर 2026 : हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के सुरक्षा अधिकारी बिन्नी मिन्हास शनिवार को एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। हादसा ऊना जिले के हरोली क्षेत्र में रामपुर पुल के पास हुआ। उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से पलटती हुई खेतों में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिन्नी मिन्हास किसी कार्य से जा रहे थे। रामपुर-हरोली पुल के नजदीक पहुंचने पर उनकी गाड़ी का टायर फटने की वजह से वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद गाड़ी सड़क पर पलटते हुए खेतों में जा गिरी। घटना में गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन गनीमत रही कि बिन्नी मिन्हास सुरक्षित बच गए।
हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखकर कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
टायर फटने से बिगड़ा संतुलन
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह वाहन का टायर फटना बताई जा रही है। टायर फटने के बाद चालक के लिए वाहन को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया और गाड़ी सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
रामपुर क्षेत्र का यह मार्ग ऊना और हरोली क्षेत्र को जोड़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इसी रामपुर पुल की खस्ताहाल स्थिति का मुद्दा हाल ही में विधानसभा में भी उठा था। ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने मानसून सत्र के दौरान बताया था कि पुल करीब तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त है और इससे करीब 15 पंचायतों, संतोषगढ़ तथा हरोली क्षेत्र के लोगों के साथ पंजाब की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल हादसे में बिन्नी मिन्हास के सुरक्षित बचने को सबसे बड़ी राहत माना जा रहा है। घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को खेत से निकालने की कार्रवाई की गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →