हिमाचल के स्कूलों में नहीं होंगे निजी कार्यक्रम, शिक्षा विभाग ने सरकार को भेजा प्रस्ताव
मंजूरी मिलते ही एक्शन, पढ़ाई पर फोकस
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 30 सितंबर 2026 : हिमाचल के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए शिक्षा विभाग फिर से एक बड़ा फैसला करने जा रहा है। विभाग द्वारा निजी क्षेत्र द्वारा स्कूलों में पढ़ाई के दौरान हो रहे कार्यकमों पर रोक लगाने के लिए एक प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा है। इन कार्यक्रमों से शिक्षार्थी और शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में केवल सरकार के मंत्रियों के कार्यक्रम को छोड़कर बाकी निजी स्तर के कार्यक्रमों पर रोक लगाने की तैयारी की जा रही है, ताकि शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाया जा सके।
स्कूलों में होने वाले कार्यक्रमों के दौरान छात्रों और शिक्षकों का कक्षा से इंटरेक्शन कम होता है और पढ़ाई का समय प्रभावित होता है। वहीं, स्कूल प्रिंसीपल की लंबी स्पीच के साथ ही अन्य लंबे कार्यक्रम पर भी रोक लगाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा सामाजिक संस्थाओं की ओर से स्कूल परिसरों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाने की तैयारी है।
शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है। अब सरकार की मंजूरी मिलने के बाद स्कूलों में नए दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू किया जा सकता है। शिक्षा विभाग स्कूलों में शिक्षकों के वास्तविक शिक्षण कार्य का भी जिला स्तर पर आकलन करने की तैयारी में है। इसमें यह देखा जाएगा कि शिक्षक कितने दिन स्कूल में उपस्थित रहे और कितने दिन उन्होंने कक्षाएं लीं। इसी तरह छात्रों की छुट्टियों और उनकी उपस्थिति का भी जिला स्तर पर आकलन किया जा सकता है। इससे स्कूलों में शिक्षण दिवस और कक्षा में बिताए गए समय की स्थिति की रिपोर्ट तैयार होगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →