हिमाचल में बन रहा सीमेंट हो रहा महंगा; एसीसी प्रति बैग 15 रुपए, अंबूजा और अल्ट्राटेक के दस रुपए बढ़े दाम
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 01 अक्टूबर 2026 :
हिमाचल के सीमेंट उद्योगों में बन रहा सीमेंट हिमाचल में ही महंगे दामों पर बिक रहा है। हिमाचल में सीमेंट महंगा होने के चलते यहां पर घर बनाना अब और महंगा हो गया है। हालांकि इससे पहले सीमेंट के दामों में गिरावट आई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में एसीसी, अंबूजा, अल्ट्राटेक सीमेंट के दाम में इजाफा हुआ है।
इसके अलावा हिमाचल में बाहरी राज्यों से जो सीमेंट यहां पहुंच रहा है, वह सस्ते दामों पर हिमाचल में बिक रहा है। हिमाचल में बांगड़ सीमेंट के साथ ही जेके सीमेंट सस्ते दामों पर बिक रहा है। हिमाचल प्रदेश में एसीसी, अंबूजा, अल्ट्राटेक सीमेंट उद्योग स्थापित हैं। इन उद्योगों से हर रोज सैकड़ों मीट्रिक टन सीमेंट की प्रोडक्षन होती है। लेकिन यह सीमेंट हिमाचल के लोगों को ही महंगे दामों पर मिल रहा है। हिमाचल के लोगों ने सीमेंट उद्योगों की स्थापना के लिए विस्थापन का दंश भी झेला है, लेकिन इसके बावजूद भी लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बताया जा रहा है कि एसीसी सीमेंट (सुरक्षा) के प्रति बैग पहले 405 रुपए दाम निर्धारित थे, लेकिन दाम बढऩे के बाद वर्तमान में यह दाम 420 रुपए पहुंच गए हैं। एसीसी गोल्ड की बात करें, तो पहले 453 रुपए दाम थे, अब यह दाम बढक़र 468 रुपए हो गए हैं। अंबूजा और अल्ट्राटेक प्रतिबैग सीमेंट के दाम दस रुपए बढ़े हैं। पहले 408 रुपए प्रति बैग दाम निर्धारित थे, अब यह दाम 418 रुपये पहुंच गए हैं। यदि बात बाहरी राज्यों से आने वाले सीमेंट की करें तो बांगड़ और जेके सीमेंट के दाम 380 से 390 रुपए तक हैं। यह सीमेंट एसीसी, अंबूजा, अल्ट्राटेक से 15 से 20 रुपए तक सस्ता बिक रहा है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →