Breaking- 5 नवंबर को करनाल में पदयात्रा में शामिल होंगे अमित शाह
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान की तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता
जिला कोर ग्रुप और पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं, सेक्टर-12 स्थित कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
करनाल, 25 अक्टूबर 2026- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी 5 नवंबर को करनाल में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। वह सुबह 10 बजे करनाल पहुंचेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित वरिष्ठ नेतागण भी मौजूद रहेंगे।
पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता रविवार शाम करनाल पहुंचीं। उन्होंने भाजपा कार्यालय कर्ण कमल में जिला कोर ग्रुप तथा संगठन के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इसके बाद सेक्टर-12 स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला कोर ग्रुप की बैठक में जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, जिला प्रभारी जवाहर यादव, विधायक जगमोहन आनंद, विधायक रामकुमार कश्यप, विधायक योगेन्द्र राणा सहित अन्य नेता उपस्थित रहे। बैठक में पदयात्रा के रूट, कार्यकर्ताओं को निमंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा आयोजन से जुड़े अन्य आवश्यक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके उपरांत डॉ. अर्चना गुप्ता ने करनाल विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े दायित्वों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने तथा संगठन के विभिन्न स्तरों पर बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ तैयारियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि विपक्षी दलों के भ्रामक प्रचार के जवाब में भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चला रही है। इसी अभियान के अंतर्गत करनाल लोकसभा क्षेत्र की पदयात्रा में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।
बैठकों के बाद प्रदेशाध्यक्ष सेक्टर-12 स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचीं और आयोजन की तैयारियों तथा प्रस्तावित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों के साथ मौके पर चर्चा कर कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया। अमित शाह के आगमन और पदयात्रा को लेकर पार्टी संगठन तैयारियों में जुटा है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →