Himachal : शिमला के कच्ची घाटी में भीषण अग्निकांड, दुकान में लगी आग से 23 बाइक जलकर राख, लाखों का नुकसान
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 13 मई 2026 : राजधानी शिमला के कच्ची घाटी क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सामान आग की चपेट में आ गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को आसपास की दुकानों और इमारतों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।
इस अग्निकांड में दुकान के भीतर खड़ी 23 मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इसके अलावा दुकान में रखा अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी के चलते आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →