Himachal Weather Alert : हिमाचल में बारिश का ऑरैंज अलर्ट, 30 जुलाई तक भारी वर्षा की चेतावनी, 179 सड़कें ठप
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/कुल्लू : 29 जुलाई 2026 : हिमाचल में मानसून का कहर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 30 जुलाई तक प्रदेश के मैदानी और मध्य पहाड़ी इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का डबल अलर्ट जारी किया है।
29 व 30 जुलाई के दौरान मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, चम्बा और बिलासपुर में ऑरैंज अलर्ट, जबकि शिमला, कुल्लू, सोलन और हमीरपुर में यैलो अलर्ट रहेगा। भारी बारिश के चलते संवेदनशील इलाकों में लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड की आशंका बनी हुई है।
मंगलवार शाम को आए मौसम के बदलाव में कांगड़ा में सर्वाधिक 16 और धर्मशाला में 9.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि शिमला में 1 मिलीमीटर वर्षा हुई। तापमान की बात करें तो ऊना 32.2 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
लगातार हो रही बारिश से प्रदेश का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेशभर में 179 सड़कें, 62 बिजली ट्रांसफार्मर और 59 पेयजल योजनाएं ठप्प पड़ गई हैं। यातायात की दृष्टि से मंडी में सर्वाधिक 58, कुल्लू में 42 और चम्बा में 30 सड़कें अवरुद्ध हैं। वहीं चम्बा में 41 ट्रांसफार्मर बंद होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है, जबकि सिरमौर और हमीरपुर में जल आपूर्ति योजनाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →